Maharajganj Times

महराजगंज में भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम

Maharajganj
Tuesday, 11 Feb, 2025
0
1024

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का दूसरा पड़ाव महराजगंज में पहुँचा, जहां जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश संस्कृति पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में विचार गोष्ठी, चित्र प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को उजागर किया गया।

कार्यक्रम में अयोध्या के राम मंदिर और जनकपुर के जानकी मंदिर से जुड़े चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें भगवान राम और माता सीता के विवाह संबंधों को दर्शाया गया। इस दौरान भारत और नेपाल से आए कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव की शुरुआत 5 फरवरी को सिद्धार्थनगर से हुई थी और यह भारत-नेपाल सीमा से जुड़े आठ जनपदों में आयोजित किया जाएगा। 23 फरवरी को पीलीभीत में इसका समापन होगा। आयोजकों और कलाकारों का कहना है कि इस महोत्सव के माध्यम से भारत और नेपाल की सांस्कृतिक विरासत को समझने और दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलने से आर्थिक और सामाजिक स्तर पर भी लाभ होगा।